#सीतापुर:अवैध तमंचे व कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, भेजा जेल

अटरिया,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत अटरिया पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर बदमाश को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त पूर्व में भी कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश व क्षेत्राधिकारी सिधौली के पर्यवेक्षण में बुधवार को अटरिया पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, कांस्टेबल अश्वनी सिंह व सोनू गिरी की टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे समीमुद्दीन निवासी ग्राम मनवा अटरिया को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, समीमुद्दीन एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध कमलापुर, सिधौली और अटरिया थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ